फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 जून 2026 उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत थाना नवाबगंज पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र में जनसंपर्क कर महिलाओं और छात्राओं को महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध या अन्य अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने और साइबर ठगी से बचाव के उपाय भी बताए गए।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है। थाना नवाबगंज पुलिस द्वारा भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर चलाए जाएंगे, ताकि महिलाओं में सुरक्षा एवं आत्मविश्वास की भावना को और मजबूत किया जा सके।
