अभिषेक शर्मा जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में भी फ्लॉप हो गए हैं. हरारे में खेले जा रहे इस मुकाबले में अभिषेक सिर्फ 8 रन बना सके. भारतीय टीम टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने आई थी और पहले कुछ ओवरों में अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी तेज गेंदबाजों के खिलाफ संघर्ष करते दिखे. उन्होंने 8 गेंद खेलकर सिर्फ 8 रन बनाए.
हरारे का मैदान अभिषेक शर्मा के लिए पनौती साबित हो रहा है. भारत-जिम्बाब्वे पहला टी20 मैच भी इसी मैदान पर खेला गया था, जहां अभिषेक 8 गेंद खेलकर सिर्फ 1 रन बना पाए थे. हरारे स्पोर्ट्स क्लब पर अभिषेक शर्मा का टी20 औसत सिर्फ 22.1 का है.
अभिषेक शर्मा ने अब तक हरारे के मैदान पर 6 टी20 पारी खेली हैं, जिनमें उन्होंने 133 रन बनाए हैं. साल 2024 में उन्होंने इसी मैदान पर 100 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली थी. मगर उसके अलावा अभिषेक के लिए यह मैदान हर बार पनौती साबित हुआ है. उस शतक को छोड़ दिया जाए, तो बाकी 5 पारियों में यहां अभिषेक का सर्वोच्च स्कोर 14 रन है. वहीं मौजूदा सीरीज में अभिषेक अब तक रनों के मामले में दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू पाए हैं.
