एक्ट्रेस अर्चना पूरन सिंह अक्सर सोशल मीडिया और अपने व्लॉग्स के जरिए परिवार के साथ बिताए खास पल फैंस के साथ शेयर करती रहती हैं. अब उन्होंने अपनी होने वाली बहुओं योगिता बिहानी और समीक्षा शेट्टी के साथ अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बात की है. एक्ट्रेस ने कहा कि वे दोनों को बहू नहीं, बल्कि अपनी बेटियों की तरह मानती हैं और उनके साथ उनका रिश्ता बहुत खास है.
आईएएनएस से खास बातचीत में अर्चना पूरन सिंह ने कहा, ‘अपने बेटों की पसंद को अपनाना मेरे लिए कोई मुश्किल काम नहीं है. जब बच्चे किसी को अपना जीवनसाथी चुनते हैं, तो माता-पिता को भी खुले दिल से उसे परिवार का हिस्सा स्वीकार करना चाहिए.’
उन्होंने कहा, ‘एक कहावत है कि आपके साथ जो हुआ, आप भी वैसा ही करते हैं. लेकिन एक सोच ये भी है कि जो आपके साथ हुआ, वे आप कभी किसी और के साथ नहीं करेंगे. मैं दूसरी सोच में विश्वास करती हूं. अगर बहू के रूप में मेरे साथ कभी कुछ गलत हुआ, तो मैं नहीं चाहूंगी कि मेरी बहुओं के साथ भी वैसा ही हो.’
अर्चना ने आगे कहा, ‘पहले मेरे दो बेटे थे, लेकिन अब मेरी दो बेटियां भी हैं. अगर आप इस नजरिए से सोचेंगे, तो किसी तरह का फर्क महसूस ही नहीं होगा.’
