कासगंज सेवा संकल्प अभियान की तैयारी को लेकर जिला अधिकारी ने की बैठक

सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की बैठक, अधिकारियों को दिए निर्देश।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जनपद में आयोजित होगा सेवा संकल्प अभियान।

कासगंज। जिलाधिकारी प्रणय सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि 17 सितंबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक जनपद में सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है।
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार के विगत 12 वर्षों तथा राज्य सरकार के विगत 10 वर्षों में किए गए विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए। अभियान के अंतर्गत त्रिस्तरीय समन्वय ढांचा, डेटा संकलन एवं डिजिटलीकरण, 13 प्रमुख कार्यक्रम तथा अन्य विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विभिन्न विभाग अपने-अपने स्तर पर योजनाओं एवं विकास कार्यों का प्रमाणिक डेटा उपलब्ध कराएं। प्रमुख परियोजनाओं, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों, अवस्थापना एवं कनेक्टिविटी, शिक्षा एवं कौशल, स्वास्थ्य एवं खेल, पंचायतीराज एवं सुशासन आदि से संबंधित उपलब्धियों का प्रभावी प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मीडिया, सोशल मीडिया तथा अन्य माध्यमों के जरिए अभियान की गतिविधियों एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के संबंध में भी तैयारियों की समीक्षा की गई। कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत एवं शहरी वार्डों में दिव्यांग कल्याण कार्यक्रम तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित परिवारों द्वारा शाम 07 बजे अपने घरों में दीप प्रज्वलित किए जाने की योजना है।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी संजीव कुमार, मुख्य विकास अधिकारी वीरेन्द्र सिंह, जिला परियोजना निदेशक प्रतिमा निमेष, जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ), जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी (डीएसटीओ), जिला प्रोबेशन अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment