कासगंज: आगामी सावन मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी प्रणय सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने शुक्रवार को लहरा घाट का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने घाट परिसर में स्थापित हैंडपंप को स्वयं चलाकर उसकी कार्यशीलता का परीक्षण किया तथा अधिशासी अधिकारी को हैंडपंप के आसपास नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाट परिसर में किसी भी प्रकार की गंदगी अथवा फिसलन नहीं होनी चाहिए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। आवश्यकतानुसार समुचित सफाई एवं समतलीकरण कार्य कराने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सोरों से लहरा घाट तक संपर्क मार्ग को दुरुस्त कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि कांवड़ यात्रियों का आवागमन सुगम एवं सुरक्षित बना रहे। साथ ही उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि लहरा घाट क्षेत्र में आवारा पशुओं का प्रवेश किसी भी स्थिति में न होने पाए। निरीक्षण के दौरान लगाए गए वॉच टॉवर की भी जांच कर उसकी उपयोगिता एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लहरा घाट पहुंचे कांवड़ यात्रियों से संवाद कर उनका हालचाल जाना तथा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की जाये।
कासगंज :DM प्रणयसिंह और पुलिस अधीक्षक ने किया लहरा घाट का निरीक्षण
