फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 जून 2026 समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जन्मदिन 1 जुलाई को मनाया जाएगा। जन्मदिन से पहले ही सपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में फर्रुखाबाद में लगाए गए एक पोस्टर ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी है।
सपा के जिला सचिव एवं ब्राह्मण नेता नंदकिशोर दुबे ‘वंदेमातरम’ की ओर से लगाए गए इस पोस्टर में अखिलेश यादव को जन्मदिन की अग्रिम शुभकामनाएं दी गई हैं। पोस्टर में नंदकिशोर दुबे वंदेमातरम के साथ सरल दुबे, विजय यादव और हरिओम मिश्रा की भी तस्वीरें शामिल की गई हैं।
पोस्टर पर लिखा गया है, “पीडीए का साथ एवं ब्राह्मणों का आशीर्वाद लेकर 2027 में बनाएंगे अखिलेश सपा की पूर्ण बहुमत की सरकार। 2027 के सत्ताधीश सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।”
गौरतलब है कि बीते दिनों राजधानी लखनऊ में भी अखिलेश यादव के जन्मदिन को लेकर लगाए गए पोस्टर चर्चा का विषय बने थे। अब फर्रुखाबाद में लगाए गए इस पोस्टर को भी राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। पोस्टर के जरिए 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर ब्राह्मण समाज के समर्थन का संदेश देने की कोशिश की गई है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सपा का पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) फार्मूला आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी की रणनीति का प्रमुख आधार होगा। ऐसे में फर्रुखाबाद में लगे इस पोस्टर को भी 2027 के चुनावी समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है।
