फर्रुखाबाद:बीएमएम अपनी कार्यशैली में लाएं सुधार, नहीं तो होगी टर्मिनेशन की कार्रवाई: डीएम अंकुर लाठर

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 जून 2026 जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत कार्यरत ब्लॉक मिशन प्रबंधकों (बीएमएम) को कार्यशैली में सुधार लाने की सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चेतावनी के बावजूद कार्यप्रणाली में सुधार नहीं होने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध टर्मिनेशन की कार्रवाई के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित “जिला आजीविका मिशन क्रियान्वयन एवं अनुसरण समिति” की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ करें, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र लोगों तक पहुंच सके।

बैठक में उपायुक्त राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ने जानकारी दी कि बीएमएम त्रिवेंद्र गंगवार, वीरेंद्र कुशवाहा, वजैर अहमद, देवेंद्र सिंह और बृजेश प्रजापति अपने दायित्वों के प्रति गंभीर नहीं हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित कार्मिकों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ तो उनके विरुद्ध सेवा समाप्ति की कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।

डीएम ने सभी बीएमएम को फैमिली आईडी निर्माण के निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही व्यवसाय के अनुरूप “लखपति दीदी” योजना की रिपोर्ट तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में ‘प्रेरणा कैंटीन’ तथा जनपद के सभी विकासखंडों में साधारण कैंटीन स्थापित करने के लिए कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार, उपायुक्त राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उपनिदेशक कृषि अरविंद मोहन, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment