रायबरेली। खेलो इंडिया अभियान के तहत गुरुवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर डिग्री कॉलेज, ऊंचाहार में ‘खेल युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। सुबह 10:30 बजे हुए संबोधन को सुनने के लिए बड़ी संख्या में युवा, एनएसएस स्वयंसेवक और स्थानीय खिलाड़ी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन और शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से युवाओं के लिए बेहतर भविष्य के अवसर भी उपलब्ध हो रहे हैं। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, खेल भावना और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ऊंचाहार विधानसभा की चेयरमैन ममता जायसवाल, विशिष्ट अतिथि पैरा क्रिकेटर आलोक शर्मा और कॉलेज प्रबंधक जयशंकर मौजूद रहे। अतिथियों ने युवाओं को खेलों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का आयोजन ‘मेरा युवा भारत’ रायबरेली की जिला युवा अधिकारी वर्तिका सिंह तथा एनएसएस के डॉ. गौतम गुप्ता के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान ‘मेरा युवा भारत’ और एनएसएस के स्वयंसेवकों के साथ विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले स्थानीय युवा खिलाड़ी भी उपस्थित रहे।
वैशाली, पारुल, आकाश प्रताप, राधा देवी, शांशिक, आकाश कुमार और दीक्षा तिवारी समेत अन्य स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। प्रधानमंत्री का संबोधन सुनने के बाद युवाओं में खास उत्साह नजर आया। युवाओं ने खेलों को बढ़ावा देने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
रायबरेली: युवाओं ने सुनी पीएम का संबोधन बढ़ा उत्साह
