फर्रुखाबाद:नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के आरोपी को कमालगंज पुलिस ने किया गिरफ्तार

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 जून 2026 थाना कमालगंज पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने और पॉक्सो एक्ट के तहत वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कमालगंज पुलिस ने मु0अ0सं0 417/2025 से संबंधित नामजद एवं वांछित अभियुक्त राजेश कश्यप पुत्र सोवरन सिंह निवासी नगला कमल, थाना भोगांव, जनपद मैनपुरी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 20 दिसंबर 2025 को वादी द्वारा थाना कमालगंज में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया गया था कि आरोपी उसकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया। तहरीर के आधार पर थाना कमालगंज में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

जांच के दौरान पीड़िता के बयान के आधार पर मुकदमे में धारा 87, 65(1) बीएनएस तथा 5(j)(ii)/6 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई। विवेचना के क्रम में पुलिस को मुखबिर खास से सूचना मिली, जिसके आधार पर आरोपी राजेश कश्यप को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को स्वीकार करते हुए गलती की माफी मांगी। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रामसहाय सिंह, उपनिरीक्षक संदीप कुमार, कांस्टेबल तेजवीर तथा कांस्टेबल ऋषिकांत शामिल रहे।

Leave a Comment