सीतापुर:12 दिन से फूंके ट्रांसफार्मर को बदलने की मांग को लेकर राष्ट्रीय किसान मंच का मिश्रिख पावर हाउस पर धरना, एसडीओ ने एक माह का मांगा समय

मिश्रिख/सीतापुर।तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा नारायणपुर स्थित घरवासपारा काला में पिछले 12 दिनों से ट्रांसफार्मर फूंक जाने के कारण ग्रामीणों और किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली आपूर्ति ठप होने से सिंचाई, घरेलू कार्य और दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर राष्ट्रीय किसान मंच के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मिश्रिख पावर हाउस पर धरना-प्रदर्शन किया।धरने का नेतृत्व रोहित राजवंशी (राष्ट्रीय किसान मंच, मिश्रिख), अमरीश कनौजिया (तहसील अध्यक्ष) तथा मोहित मिश्रा (जिला अध्यक्ष) ने किया। उनके साथ कार्य समिति के सदस्य पियूष, आकाश, निर्भय, आदर्श, संतोष, अर्जुन, सत्यम, मनीष, विकास, आलोक, सुशील, गोलू, अनुराग और विवेक सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि ट्रांसफार्मर फूंकने के बाद भी 12 दिनों से नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों को गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि बिजली न मिलने से फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है और आर्थिक नुकसान की आशंका बढ़ गई है।धरने के दौरान बिजली विभाग के एसडीओ रत्नेश सिंह ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। उन्होंने बताया कि ट्रांसफार्मर लगाने की प्रक्रिया चल रही है और एक माह के भीतर नया ट्रांसफार्मर लगवाने का प्रयास किया जाएगा।हालांकि, किसानों ने मांग की कि समस्या का समाधान जल्द से जल्द किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया और बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।धरना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, लेकिन क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था में शीघ्र सुधार की मांग दोहराई।

Leave a Comment