फर्रुखाबाद: सड़क सुरक्षा पर प्रशासन सख्त, ब्लैक स्पॉट सुधारने और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 जुलाई 2026 जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह भी मौजूद रहीं। इस दौरान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने और विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट का चिन्हीकरण कर वहां प्राथमिकता के आधार पर सुधारात्मक कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, सड़क संकेतक, रिफ्लेक्टर, स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड निर्धारित मानकों के अनुरूप लगाने के निर्देश दिए।

कांवड़ यात्रा को देखते हुए जिलाधिकारी ने हाईवे और प्रमुख मार्गों पर लगी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त कराने तथा बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए हाईवे किनारे नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी दायित्व है। परिवहन विभाग, पुलिस और लोक निर्माण विभाग को संयुक्त रूप से स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमित और सख्त प्रवर्तन कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में विद्यालयों और महाविद्यालयों में सड़क सुरक्षा संबंधी प्रतियोगिताएं और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने, वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने तथा सड़क सुरक्षा माह जैसे अभियानों के माध्यम से आमजन की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने दुर्घटना की स्थिति में घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग और संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिस पर जिलाधिकारी ने समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment