Monday, 14 September 2026 | 5:38 PM
UP News

फर्रुखाबाद में उद्योग बंधु की बैठक सम्पन्न, व्यापारियों की समस्याओं पर अपर जिलाधिकारी ने दिए निर्देश

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 फरवरी 2026 कलेक्ट्रेट सभागार में आज उद्योग बंधु की बैठक अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिनेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जनपद के व्यापारियों एवं उद्यमियों ने विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया, जिन पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए
Share:
फर्रुखाबाद में उद्योग बंधु की बैठक सम्पन्न, व्यापारियों की समस्याओं पर अपर जिलाधिकारी ने दिए निर्देश
Read in your preferred language.

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 फरवरी 2026 कलेक्ट्रेट सभागार में आज उद्योग बंधु की बैठक अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिनेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जनपद के व्यापारियों एवं उद्यमियों ने विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया, जिन पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक के दौरान व्यापारियों ने कंपित सूत मिल को शीघ्र गिरवाने एवं उसका मलबा तत्काल हटवाने की मांग रखी। इस पर अपर जिलाधिकारी ने जिलाधिकारी से मिलकर समस्या से अवगत कराने का आश्वासन दिया।

खिमसेपुर क्षेत्र में उद्योगों के लिए निर्धारित प्लॉटों का आकार छोटा करने की मांग भी उठाई गई, ताकि छोटे उद्यमी भी उन्हें खरीद सकें। साथ ही उद्योगों को ऋण देने में बैंकों के सहयोग न करने का मुद्दा सामने आया। इस पर अपर जिलाधिकारी ने आवश्यक निर्देश जारी किए, हालांकि बैठक में बैंक प्रतिनिधियों की अनुपस्थिति पर भी असंतोष व्यक्त किया गया।

व्यापार बंधु की बैठक में शहर की यातायात एवं अतिक्रमण संबंधी समस्याएं भी प्रमुख रहीं। पलरा क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण, महादेव वर्मा की मूर्ति के निकट दो ट्रांसफार्मरों की अनुचित स्थापना, पटेल पार्क एवं सड़क के मध्य अवैध कब्जा, बजरिया मार्ग से पक्का पुल सब्जी मंडी तक जाम की समस्या तथा तिकोना पुलिस चौकी से बस अड्डा तक प्रतिदिन लगने वाले जाम का मुद्दा जोर-शोर से उठाया गया।

इसके अतिरिक्त काली देवी मंदिर मदारबाड़ी से तिकोना पुलिस चौकी तक विद्युत पोल शिफ्टिंग की मांग की गई। लाल गेट से पांचाल घाट तक खुले नालों में गिरकर लोगों के घायल होने की घटनाओं के बावजूद सुरक्षा उपाय न किए जाने पर भी चिंता व्यक्त की गई।

व्यापारियों ने जीएसटी अधिकारियों द्वारा उत्पीड़न का आरोप लगाया तथा विद्युत विभाग द्वारा लगाए गए नए स्मार्ट मीटर के बाद बिल उपलब्ध न कराए जाने की समस्या भी रखी।

अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने सभी समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी, व्यापारी एवं उद्यमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।