Monday, 14 September 2026 | 5:38 PM
UP News

फर्रुखाबाद में 9 दिवसीय विकास प्रदर्शनी एवं मेला शुरू, मंत्री जयवीर सिंह ने किया शुभारंभ

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 मार्च 2026 केंद्र सरकार के 11 वर्ष तथा प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद के फतेहगढ़ स्थित ऑफिसर्स क्लब में 9 दिवसीय प्रदर्शनी/मेला एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार से संबंधित भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश
Share:
फर्रुखाबाद में 9 दिवसीय विकास प्रदर्शनी एवं मेला शुरू, मंत्री जयवीर सिंह ने किया शुभारंभ
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 मार्च 2026 केंद्र सरकार के 11 वर्ष तथा प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद के फतेहगढ़ स्थित ऑफिसर्स क्लब में 9 दिवसीय प्रदर्शनी/मेला एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार से संबंधित भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में मंत्री जयवीर सिंह ने सूचना विभाग द्वारा स्थापित “नवनिर्माण के 9 वर्ष” शीर्षक से लगाई गई विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति और उनके क्रियान्वयन की जानकारी ली।

इस अवसर पर सेवा पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के जूनियर, सीनियर एवं सामान्य वर्ग के विजेताओं को क्रमशः ₹51,000, ₹21,000 एवं ₹11,000 की धनराशि के चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही खेल विभाग द्वारा आयोजित ओपन स्टेट पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता के विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के भारत कौशल प्रतियोगिता 2025-26 में रजत पदक प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत 10 लाभार्थियों को सहायता राशि वितरित की गई तथा ग्राम रामपुर डफरपुर के 10 लोगों को घरौनी प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

कृषि क्षेत्र में तकनीकी प्रगति को बढ़ावा देते हुए सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन योजना के तहत एक लाभार्थी को किसान ड्रोन तथा दूसरे को कस्टम हायरिंग सेंटर के अंतर्गत ट्रैक्टर प्रदान किया गया। वहीं मत्स्य विभाग द्वारा मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना एवं निषाद राज सब्सिडी योजना के तहत 2 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। ग्राम्य विकास विभाग की बाबा साहब अंबेडकर रोजगार प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत पशुपालन हेतु सब्सिडी भी वितरित की गई।

परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित करते हुए उनकी पुरस्कार राशि सीधे बैंक खातों में हस्तांतरित की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री जयवीर सिंह ने केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के 11 वर्ष तथा प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकार की “सेवा, सुरक्षा और सुशासन” नीति के तहत बिना भेदभाव के समाज के हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश का माहौल बेहतर हुआ है, जिससे बाहरी उद्यमी भी प्रदेश में निवेश कर रहे हैं। साथ ही कानून-व्यवस्था में सुधार और पारदर्शिता के कारण युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए सरकार लगातार प्रभावी कदम उठा रही है।

कार्यक्रम के दौरान सूचना विभाग के कलाकारों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित लोकगीतों की आकर्षक प्रस्तुति भी दी गई, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।

इसके उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में मंत्री जयवीर सिंह ने मीडिया प्रतिनिधियों को सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी दी तथा उनके प्रश्नों के उत्तर भी दिए। इस दौरान 9 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित सूचना विभाग की पुस्तक का विमोचन भी किया गया।

कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, विधायक डॉ. सुरभि, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।