फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 जून 2026 भारतीय जनता पार्टी के सांसद मुकेश राजपूत ने गुरुवार को फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सांसद ने रेलवे स्टेशन परिसर में वृक्षारोपण भी किया। उनके साथ जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी सहित रेलवे विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद मुकेश राजपूत ने बताया कि फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे के बुनियादी ढांचे में व्यापक सुधार किए जा रहे हैं।
सांसद ने बताया कि परियोजना के तहत यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिनमें अत्याधुनिक प्रतीक्षालय, लिफ्ट, एस्केलेटर, निःशुल्क वाई-फाई सुविधा तथा अन्य यात्री सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार का सौंदर्यीकरण, प्लेटफार्मों का विस्तार और दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाओं का निर्माण भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों के अनुसार निर्माण कार्य को मई-जून 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, लेकिन संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कार्य को जून 2027 से पहले ही गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। सांसद ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ उच्च स्तर पर शिकायत कर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सांसद मुकेश राजपूत ने गढ़िया ढिलावल अंडरपास के निर्माण कार्य पर भी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अंडरपास के निर्माण में गुणवत्ता का अभाव दिखाई देता है और यह देश के सबसे खराब अंडरपासों में से एक प्रतीत होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं, जिसकी शिकायत उच्च रेलवे अधिकारियों तथा रेल मंत्री तक पहुंचाकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की जाएगी।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि अनूप मिश्रा ‘अमन’, रेलवे विभाग के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सांसद ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन के सुंदरीकरण और निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए।
