लंबे समय से निर्देशक अनुराग बसु की आने वाली रोमांटिक फिल्म की चर्चा हो रही हैं. इस फिल्म में कार्तिक आर्यन और श्रीलीला की जोड़ी देखने को मिलेगी, जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे है. हालांकि, अभी तक फिल्म का नाम सामने नहीं आया है. इसी बीच भूषण कुमार ने इसे लेकर बड़ा अपडेट दिया कि फिल्म की शूटिंग पूरी हो गई है और रिलीज डेट तय की जा रही है.
न्यूज18 शोशा से बातचीत में टी-सीरीज के मालिक भूषण कुमार ने कहा, ‘अनुराग बसु की फिल्म पूरी हो गई है, बस रिलीज डेट को कन्फर्म करना है. अब हम अगले महीने कार्तिक आर्यन के साथ फिल्म ‘कैप्टन इंडिया’ की शूटिंग शुरू करने वाले है, जिसे शिमित अमीन निर्देशित करने वाले हैं.’ हालांकि अप्रैल में वैरिटी इंडिया से बातचीत में अनुराग बसु ने फिल्म को लेकर कहा था, ‘फिल्म की शूटिंग अभी पूरी नहीं हुई है क्योंकि मैंने अभी तक 45 दिन की शूटिंग ही की है. अभी तो इसकी शुरुआत हुई है.’
बता दें कि कार्तिक आर्यन और श्रीलीला की फिल्म दिसंबर 2025 में रिलीज होने वाली थी. लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ की वजह से इसकी रिलीज डेट टल गई. वहीं कई खबरों में ये बताया गया कि फिल्म की कहानी मोहित सूरी की ‘सैयारा’ से मिलती है. हालांकि अनुराग बसु ने कहा, ‘मोहित सूरी मेरे अच्छे दोस्त है और मैं उनकी फिल्म की सक्सेस से खुश हूं. दोनों फिल्मों में हीरो रॉकस्टार के किरदार में है, इसके अलावा कुछ भी एक जैसा नहीं है और हीरोइन को भी कोई बीमारी नहीं है.’
वहीं बात करें फिल्म के नाम की, तो पहले इसे ‘आशिकी 3’ बताया जा रहा था. लेकिन बाद में भूषण कुमार और विशेष फिल्म्स के मुकेश भट्ट के बीच कानूनी विवाद हुआ और ये मामला कोर्ट तक पहुंचा. इसमें मुकेश भट्ट की जीत हुई और फिल्म का टाइटल हटा दिया गया. हालांकि अब तक कोई भी नाम सामने नहीं आया है. इसके अलावा कार्तिक आर्यन ने हाल ही में अपनी फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ के लिए बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड जीता है. उनके पास अभी ‘भूल भुलैया 4’ और ‘नागजिला’ जैसी फिल्में पाइपलाइन में है, जिसे लेकर फैंस एक्साइटेड है.
