कासगंज, 11 जून 2026। उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (UPSDMA) के निर्देशानुसार जनपद कासगंज में बाढ़ आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने एवं सुदृढ़ करने के उद्देश्य से तहसील पटियाली स्थित कादरगंज घाट पर राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज-2026 का वृहद आयोजन किया गया। यह अभ्यास पूर्णतः धरातलीय संचालन (Physical Conduct on Ground) पर आधारित रहा, जिसमें बाढ़ जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों का वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप प्रदर्शन किया गया।
मॉक एक्सरसाइज के दौरान बाढ़ प्रभावित क्षेत्र की काल्पनिक स्थिति तैयार कर प्रभावित लोगों की सुरक्षित निकासी, राहत शिविरों तक पहुंचाने, प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने तथा आपदा के समय विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय की प्रभावशीलता का परीक्षण किया गया। अभ्यास का मुख्य उद्देश्य किसी भी वास्तविक बाढ़ आपदा की स्थिति में जन-धन की हानि को न्यूनतम करना तथा राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाना रहा।
इस अवसर पर इंसीडेंट रिस्पांस सिस्टम के अंतर्गत विभिन्न विभागों एवं हितधारकों की भूमिकाओं एवं दायित्वों का परीक्षण किया गया। साथ ही राज्य एवं जनपद स्तरीय आपदा प्रबंधन योजनाओं तथा विभागीय मानक संचालन प्रक्रियाओं की समीक्षा भी की गई। अभ्यास के माध्यम से संसाधनों की उपलब्धता, संचार तंत्र की प्रभावशीलता एवं विभिन्न एजेंसियों के मध्य समन्वय में संभावित कमियों की पहचान कर भविष्य के लिए सुधारात्मक सुझाव भी संकलित किए गए।
मॉक एक्सरसाइज में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल राज्य आपदा मोचन बल स्थानीय पुलिस, पीएसी, अग्निशमन विभाग, आपातकालीन सेवाएं के प्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता की। इसके अतिरिक्त नागरिक सुरक्षा, होमगार्ड्स, पीआरडी, आपदा मित्र, स्थानीय गोताखोरों ने भी संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया।
अभ्यास के दौरान बचाव दलों द्वारा नावों के माध्यम से फंसे हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, लाइफ जैकेट एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों के उपयोग, डूबते व्यक्तियों को बचाने की तकनीकों तथा प्राथमिक उपचार प्रदान करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं आमजन को आपदा के समय अपनाई जाने वाली सावधानियों एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी भी दी गई।
जिला प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों से अपील की कि ऐसी मॉक एक्सरसाइज आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने के लिए आयोजित की जाती हैं। नागरिकों को आपदा से संबंधित सुरक्षा उपायों की जानकारी प्राप्त कर स्वयं तथा अपने परिवार को सुरक्षित रखने के प्रति जागरूक रहना चाहिए।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, कासगंज द्वारा आयोजित इस राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज ने विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा आपदा प्रबंधन क्षमता को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मॉक एक्सरसाइज के दौरान अपर जिलाधिकारी दिग्विजय प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी पटियाली प्रदीप कुमार विमल, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी राजेश चौरसिया, तहसीलदार पटियाली, नायब तहसीलदार पटियाली, बाढ़ आपदा लिपिक बी.पी. सक्सेना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कासगंज :बाढ़ आपदा प्रबंधन हेतु राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज का आयोजन कादरगंज घाट पर सकुशल संपन्न
