फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 जनवरी 2026 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी जी के निर्देशन में मेला रामनगरिया क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रालियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए विशेष यातायात एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत एवं यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार द्वारा ट्रैक्टर चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
जांच के दौरान ट्रैक्टर चालकों को रोककर उनके ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की गई तथा उन्हें ट्रैक्टर-ट्राली में अधिक संख्या में सवारी न बैठाने, तेज गति से वाहन न चलाने, इंडिकेटर का प्रयोग करने एवं यातायात के सभी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि मेले में आने-जाने वाले श्रद्धालु किसी भी प्रकार का मद्यपान कर वाहन न चला रहे हों।
एआरटीओ सुभाष राजपूत द्वारा की गई प्रवर्तन कार्रवाई में एक ओवरलोड ट्रक को सीज करते हुए उस पर ₹53,000 का जुर्माना लगाया गया। इसके अतिरिक्त टैक्स बकाया के मामलों में तीन अन्य ट्रकों को भी सीज किया गया।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि इस प्रकार की जांच एवं प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव किया जा सके।
