फर्रुखाबाद:बराकेशव में चकबंदी प्रक्रिया और मुकदमों के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना सातवें दिन भी जारी, एक सितंबर से ब्लॉक स्तर पर ट्रैक्टर मार्च का ऐलान

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 अगस्त 2026 ग्राम सभा बराकेशव में चकबंदी प्रक्रिया एवं किसानों पर दर्ज मुकदमों को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन रविवार को सातवें दिन भी जारी रहा। धरने में किसानों के साथ महिलाओं और बच्चों की भी भागीदारी दिखाई दी। वक्ताओं के अनुसार, प्रतिदिन धरने में किसानों की संख्या बढ़ रही है और आंदोलन को लेकर लोगों में उत्साह बना हुआ है।

धरने को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि बराकेशव की धरती वीर जवानों की धरती है। उन्होंने कहा कि इस ग्राम सभा की माताओं ने वीर जवानों को जन्म दिया है और शहीद राकेश सिंह यादव भी इसी ग्राम सभा से आते हैं। उन्होंने कहा कि गांव में बड़ी संख्या में युवा सेना और पुलिस की तैयारी करते दिखाई देते हैं, जिसे देखकर उन्हें गर्व महसूस होता है।

एक सितंबर से ट्रैक्टर मार्च का ऐलान

अजय कटियार ने कहा कि किसानों की मांगों को लेकर एक सितंबर से प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर ट्रैक्टर मार्च के साथ धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नवाबगंज ब्लॉक को छोड़कर अन्य सभी ब्लॉकों में कार्यक्रम ब्लॉक मुख्यालय पर आयोजित होंगे, जबकि नवाबगंज ब्लॉक का कार्यक्रम नवाबगंज थाने पर होगा। उन्होंने कहा कि किसानों के खिलाफ दर्ज मुकदमे नवाबगंज थाने में दर्ज हुए हैं, इसलिए वहीं आंदोलन किया जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि यदि किसानों पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं तो चकबंदी विभाग के उन अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए, जिन पर किसानों की माताओं-बहनों के साथ अभद्रता करने तथा खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचाने के आरोप हैं। उन्होंने नियम विरुद्ध चकबंदी प्रक्रिया की भी जांच की मांग उठाई।

शांतिपूर्ण आंदोलन की चेतावनी

किसान नेता ने कहा कि सभी ट्रैक्टर मार्च शांतिपूर्ण तरीके से निकाले जाएंगे। उन्होंने प्रशासन से आंदोलन में किसी प्रकार का व्यवधान न डालने की अपील की। अजय कटियार ने कहा कि किसान अपने हक और अधिकारों के लिए धरना प्रदर्शन करेंगे और उन्हें रोकने का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि किसानों को रोका गया तो 8 सितंबर को प्रदेश अध्यक्ष बाबा राजपाल शर्मा के आगमन पर इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

जनप्रतिनिधियों के बहिष्कार का आह्वान

धरने के दौरान अजय कटियार ने एक बार फिर जनपद के जनप्रतिनिधियों के बहिष्कार की अपील की। उन्होंने किसानों से गांव-गांव स्लोगन लिखने का आह्वान करते हुए कहा कि जो किसानों का साथ देगा, किसान भी उसी का साथ देंगे, जबकि किसानों का साथ नहीं देने वाले जनप्रतिनिधियों का बहिष्कार किया जाएगा।

इस पर धरने में मौजूद किसानों ने हाथ उठाकर एक राय से जनप्रतिनिधियों के बहिष्कार का ऐलान किया।

कार्यक्रम का संचालन जिला प्रवक्ता गोपी शाक्य ने किया, जबकि अध्यक्षता दीप सिंह यादव ने की।

इस अवसर पर जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मिश्रा, जिला महासचिव अभय यादव, जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत, जिला प्रचार मंत्री राजेश गंगवार, गुड्डू यादव, जिला सचिव बिजनेश यादव, सुग्रीव पाल, जिला सहसचिव दिनेश सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष शिवराम शाक्य, आनेन्द्र गंगवार सहित सैकड़ों किसान, महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।

Leave a Comment