फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 अगस्त 2026 स्वाइन फ्लू यानी एच1एन1 संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। हालांकि वर्तमान में जनपद में स्वाइन फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन संभावित स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में आवश्यक तैयारियां दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। लोहिया अस्पताल में मरीजों के उपचार के लिए पर्याप्त बेड और चिकित्सकीय व्यवस्थाएं उपलब्ध रखने की तैयारी की गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने लोगों से अपील की है कि स्वाइन फ्लू के संभावित लक्षणों को नजरअंदाज न करें। तेज बुखार, लगातार खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, शरीर में दर्द, अत्यधिक कमजोरी अथवा सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए।
स्वास्थ्य इकाइयों में निगरानी के निर्देश
सीएमओ ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले की सभी स्वास्थ्य इकाइयों में संभावित मरीजों की पहचान, निगरानी और उपचार की व्यवस्था सक्रिय रखी जाए। किसी भी संदिग्ध स्थिति की सूचना समय से उपलब्ध कराने के साथ ही अस्पतालों में आवश्यक दवाओं और उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।
बचाव के लिए सावधानी जरूरी
स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को ढकना, हाथों की नियमित सफाई करना तथा बीमार व्यक्ति के निकट संपर्क से बचना जरूरी है। भीड़भाड़ वाली जगहों पर भी आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों, बुजुर्गों और पहले से किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की अपील की है।
घबराने की नहीं, सावधानी बरतने की जरूरत
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि स्वाइन फ्लू को लेकर लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन लापरवाही भी नहीं बरतनी चाहिए। स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और जरूरत पड़ने पर मरीजों को समय से उपचार उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।
