फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24न्यूज) 09 सितंबर 2026 जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के नेतृत्व में बुधवार को कायमगंज क्षेत्र में आबकारी टीम ने दबिश देकर अवैध कच्ची शराब और लहन बरामद किया।
आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 सुधांशु चौधरी ने मय स्टाफ कायमगंज क्षेत्र के संदिग्ध ग्राम ममापुर में दबिश कार्रवाई की। टीम की कार्रवाई के दौरान 13 लीटर अवैध कच्ची शराब तथा 220 किलोग्राम लहन बरामद हुआ। बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। मामले में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत तीन अभियोग पंजीकृत किए गए हैं।
शराब दुकानों का भी किया गया निरीक्षण
अभियान के दौरान आबकारी टीम ने देशी शराब दुकान धमगवां, बरझाला, फैजबाग तथा कंपोजिट शॉप बरझाला और फैजबाग का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीओएस मशीन से होने वाली बिक्री तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की।
इसके साथ ही देशी शराब की दुकानों से संबंधित कैंटीन की भी सघन जांच की गई। दुकानों पर उपलब्ध मदिरा का अभिलेखों से मिलान किया गया तथा अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
नियमों का पालन न करने पर होगी कार्रवाई
आबकारी विभाग ने संबंधित अनुज्ञापियों को शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
विभाग की टीम को क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने तथा अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
आबकारी विभाग के अनुसार जनपद में अवैध मदिरा के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
