फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24न्यूज) 09 सितंबर 2026 मोहम्मदाबाद ब्लॉक की ग्राम सभा बराकेशव में चकबंदी प्रक्रिया और किसानों व महिलाओं पर दर्ज मुकदमों को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन बुधवार को 17वें दिन भी जारी रहा। किसान अपनी मांगों को लेकर धरना स्थल पर डटे हुए हैं। वहीं जिला प्रशासन और किसान नेताओं के बीच वार्ता का दौर जारी है।
धरना स्थल पर संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य ने कहा कि आंदोलन अब सफलता की ओर अग्रसर है। उन्होंने किसानों से अपने हक और अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों के हितों की अनदेखी की जा रही है, इसलिए उन्हें संगठित होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़नी होगी।
वहीं जिलाध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि किसानों को आंदोलन करना सीखना होगा। उन्होंने कहा, “किसान का सच्चा साथी संघर्ष ही है।” उन्होंने किसानों से अपील की कि नाबालिग बच्चों को मोटरसाइकिल न चलाने दें और बड़े बच्चों को ट्रैक्टर चलाना जरूर सिखाएं, क्योंकि किसान आंदोलनों में ट्रैक्टर की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
अजय कटियार ने कहा कि आने वाले समय में किसान उन जनप्रतिनिधियों से भी सवाल करेगा कि जब किसान मुसीबत में था, तब वे उसके साथ कहां खड़े थे। उन्होंने किसानों से ऐसे जनप्रतिनिधियों पर नजर रखने और समय आने पर लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देने की अपील की।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के साथ वार्ता चल रही है और वार्ता को सकारात्मक बताया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले 24 घंटे में जिलाधिकारी की ओर से किसानों के लिए कोई सकारात्मक समाचार सामने आ सकता है।
धरना स्थल पर अफरोज मंसूरी, छविनाथ शाक्य, कृष्ण गोपाल मिश्रा, ब्रजेश गंगवार, दीप सिंह यादव, गोपी शाक्य, अभय यादव, अरविंद गंगवार, अनुज राजपूत, बिजनेश यादव, सुग्रीव पाल, राजेश गंगवार, रामनरेश यादव, बड़े यादव, शिवराम शाक्य, अनेंद्र गंगवार और अर्पित गंगवार सहित बड़ी संख्या में किसान, महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।
