गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, बच्चों, किशोरियों तथा उनके परिवारों के पोषण, स्वास्थ्य, देखभाल को समर्पित राष्ट्रीय पोषण माह
पोषण के प्रति जन-जागरूकता हेतु ‘‘पोषण रैली‘‘ को हरी-झंडी दिखाकर किया गया रवाना
दिनांक-09.09.2026 को 9वाँ राष्ट्रीय पोषण माह का शुभांरम्भ जनपद वाराणसी से मा0 केन्द्रीय मंत्री महिला एवं बाल विकास विभाग भारत सरकार श्रीमती अन्नपूर्णा देवी द्वारा किया गया, जिसका सजीव प्रसारण मा0 मुख्यमंत्री जी, उ0प्र0 सरकार की गरिमामयी उपस्थिति में देखा गया। उक्त सजीव प्रसारण जनपद प्रयागराज में विकास भवन स्थित गंगा सभागार में देखा एवं सुना गया। इसी प्रकार जनपद के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं बाल विकास परियोजना कार्यालयों/विकास खंड कार्यालयों पर सजीव प्रसारण आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, केन्द्र के पंजीकृत लाभार्थियों, मुख्य सेविकाओं के साथ-साथ बाल विकास परियोजना अधिकारियों व सम्बन्धित खंड विकास अधिकारियों के साथ देखा एवं सुना गया।
जिला स्तरीय सजीव प्रसारण के कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, डी0आर0डी0ए0, उपायुक्त स्वतः रोजगार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, एसोसिऐट जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी शहर प्रथम व शहर द्वितीय एवं बड़ी संख्या में मुख्य सेविकाएं एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रही।
सजीव प्रसारण के पश्चात् विकास भवन से ‘‘पोषण रैली‘‘ को जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक के द्वारा हरी-झंडी दिखाकर पोषण के प्रति जन-जागरूकता हेतु रवाना किया गया जो लक्ष्मी चौराहे होते हुये जिला पंचायत पर समाप्त हुयी। इसी प्रकार जनपद के आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं सभी परियोजना कार्यालयों से जन-जागरुकता हेतु पोषण रैली निकालकर पोषण माह का शुभारंभ किया गया।
गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, बच्चों, किशोरियों तथा उनके परिवारों के पोषण, स्वास्थ्य, देखभाल को समर्पित 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 09 सितम्बर 2026 से 08 अक्टूबर 2026 तक मनाया जायेगा। पोषण माह का मुख्य थीम ‘‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी‘‘ निर्धारित है।
तहसील एवं विकास खण्ड स्तर पर भी बाल विकास परियोजना अधिकारियों द्वारा उक्त कार्यक्रम का सजीव प्रसारण आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं बाल विकास परियोजना कार्यालयों पर कराते हुए पोषण रैली निकालते हुये पोषण माह का शुभारंभ किया गया।
द दस्तक 24
प्रभारी पत्रकार तहसील कोरांव प्रयागराज उमाशंकर कुशवाहा 7571974858

