फर्रुखाबाद:सितंबर तक 58 निर्माणाधीन पेयजल योजनाएं पूरी करने के निर्देश, डीएम ने की जल जीवन मिशन की समीक्षा

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 जुलाई 2026 जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत जिला पेयजल एवं स्वच्छता समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी निर्माणाधीन योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जल जीवन मिशन केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है और इसके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन परियोजनाओं पर श्रमिकों की कम संख्या पर नाराजगी जताई और आवश्यकतानुसार श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन 58 पेयजल योजनाओं का कार्य 75 से 100 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है, उन्हें सितंबर 2026 तक हर हाल में पूर्ण कर संचालित किया जाए।

इसके साथ ही पहले से पूर्ण हो चुकी 71 पेयजल योजनाओं का नियमित अनुरक्षण एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार को सुरक्षित और निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि कार्यदायी संस्था जीवीपीआर इंजीनियर्स लिमिटेड द्वारा अब तक 71 उच्च जलाशयों का निर्माण किया जा चुका है। इसके अलावा 234 गांवों में नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू हो चुकी है तथा 64 योजनाओं का ‘हर घर जल’ प्रमाणीकरण भी पूरा किया जा चुका है।

वहीं, बीटीएल गंगा द्वारा 151 उच्च जलाशयों का निर्माण कराया गया है। संस्था ने 122 योजनाओं में नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी है तथा 176 योजनाओं का ‘हर घर जल’ प्रमाणीकरण भी पूर्ण कराया जा चुका है।

जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि शेष कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करते हुए ग्रामीण जनता को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लक्ष्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

Leave a Comment