बरेली/ईद मिलादुन्नबी पर बहेड़ी में गूंजा जुलूस-ए-मोहम्मदी का पैगामनारों से गूंजा नगर, मस्जिदों में सजीं महफिलें; सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैनात रहा भारी पुलिस बल।

बरेली/बहेड़ी। ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर बुधवार को बहेड़ी नगर में जुलूस-ए-मोहम्मदी धूमधाम और अकीदत के साथ निकाला गया। सुबह से ही नगर के धार्मिक स्थलों और घरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। लोगों ने फातिहा ख्वानी कर हजरत मोहम्मद मुस्तफा सल्लल्लाहो अलैहि वसल्लम की आमद का जश्न मनाया। पूरे नगर में रोशनी और सजावट से माहौल खुशनुमा नजर आया।
जुलूस नैनीताल रोड स्थित शिमला जनरल स्टोर से शुरू हुआ। यहां से जुलूस कोतवाली पुराना रोड, बेज ट्रक यूनियन, पंजाबी कॉलोनी, होली चौराहा, मोहल्ला गोदाम और माथुर रोड से होते हुए वापस शिमला जनरल स्टोर पहुंचकर समाप्त हुआ। जुलूस के दौरान बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया। इस दौरान ‘सरकार की आमद मरहबा’ और ‘यह है हमारे नबी की शान, बच्चा-बच्चा है कुर्बान’ जैसे नारों से नगर गूंजता रहा।
मस्जिदों में हुईं मीलाद की महफिलें
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर नगर की विभिन्न मस्जिदों में मीलाद-ए-पाक की महफिलें सजाई गईं। बाजार वाली मस्जिद में कारी अतीक रजा, मोती मस्जिद में हाफिज अनवार अहमद कादरी और पंजाबी कॉलोनी स्थित कादरी मस्जिद में शेरे कादरियत मौलाना मुख्तार अहमद ने खुसूसी खिताब किया। उलेमा ने हजरत मोहम्मद मुस्तफा सल्लल्लाहो अलैहि वसल्लम की सीरत और उनके संदेश पर प्रकाश डालते हुए आपसी भाईचारे और अमन का पैगाम दिया।
फातिहा के बाद लोगों ने मस्जिदों में जोहर की नमाज अदा की। ईद मिलादुन्नबी के मद्देनजर जोहर की नमाज का समय दोपहर तीन बजे रखा गया था। नमाज के बाद देश में अमन, खुशहाली और तरक्की के लिए विशेष दुआ की गई।
सुरक्षा व्यवस्था रही कड़ी
जुलूस के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। इस मौके पर विधायक अताउर्रहमा,एसडीएम बहेड़ी गोपाल शर्मा, सीओ अरुण कुमार और कोतवाल दिनेश कुमार शर्मा पूर्व चेयरमैन पति नसीम अहमद, कांग्रेस नेता सलीम अख़्तर अंजुम रशीद शादाब एसके, भाजपा नगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता,
राइस मिल संगठन के अध्यक्ष नईम अहमद, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष मुजफ्फर अली खान, सभासद दिनकर गुप्ता, डॉ. रस्तोगी सहित कई लोगों ने भी जुलूस में शामिल लोगों का फूल बरसाकर स्वागत किया। स्वागत के दौरान आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया गया।

Leave a Comment