फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 अगस्त 2026 जिलाधिकारी डॉ.अंकुर लाठर ने रविवार को जिला महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने महिला वार्ड, शिशु वार्ड और एसएनसीयू वार्ड का निरीक्षण करते हुए चिकित्सकों एवं संबंधित अधिकारियों से स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली।
पीडियाट्रिक वार्ड में तैनाती के लिए शासन को भेजें मांग पत्र
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पीडियाट्रिक वार्ड में स्थापना से संबंधित पदों पर आवश्यक तैनाती के लिए शासन को तत्काल मांग पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन स्तर से पदों पर तैनाती होने तक वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में महिला अस्पताल में तैनात पीडियाट्रिशियन स्टाफ का सहयोग लिया जाए, ताकि नवजात एवं बच्चों के उपचार में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
एसएनसीयू के संसाधनों को लेकर दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने एसएनसीयू वार्ड का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध संसाधनों एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि विवेकाधीन कोष से एसएनसीयू के लिए आवश्यक संसाधनों की आपूर्ति की प्रक्रिया जल्द पूरी कराई जाए। इसका उद्देश्य गंभीर नवजात शिशुओं को बेहतर और समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराना है।
ऑपरेशन थिएटर के बाहर चिकित्सकों की सूची होगी चस्पा
डीएम ने ऑपरेशन थिएटर का भी निरीक्षण किया। मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा तथा व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए उन्होंने निर्देश दिए कि ऑपरेशन थिएटर के बाहर रोस्टर के अनुसार सर्जरी करने वाले चिकित्सकों की सूची चस्पा की जाए। इससे मरीजों को संबंधित चिकित्सक के संबंध में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
साफ-सफाई और दवाओं की उपलब्धता पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रशासन को साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने, पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने तथा चिकित्सकों एवं मेडिकल स्टाफ की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए अस्पताल पहुंचने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आवश्यक कदम लगातार उठाए जाएंगे।
