फर्रुखाबाद: मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, शिक्षकों को मिलेगा ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 जुलाई 2026 जनपद के कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में रविवार को “मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना एवं शिक्षकों की सामाजिक सुरक्षा” कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद मुकेश राजपूत के मुख्य आतिथ्य में किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के साथ हुए एमओयू (अनुबंध) कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम के दौरान आगरा स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसमें मुख्यमंत्री के संबोधन का शिक्षकों एवं अधिकारियों ने अवलोकन किया।

मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के कल्याण और उनकी सामाजिक सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पीएनबी के साथ हुआ यह अनुबंध शिक्षकों को बैंकिंग सेवाओं एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराएगा।

सांसद ने कहा कि “देश को विकसित राष्ट्र बनाने में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। बच्चों की पहली पाठशाला उनका परिवार होता है, इसलिए अभिभावकों का दायित्व है कि वे अपने बच्चों में गुरुजनों के प्रति सम्मान का भाव विकसित करें, ताकि वे शिक्षकों के मार्गदर्शन में राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकें।”

जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पात्र शिक्षकों को इस योजना के तहत ₹5 लाख तक का निःशुल्क कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही पंजाब नेशनल बैंक के माध्यम से शिक्षकों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और बैंकिंग सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा। उन्होंने सभी शिक्षकों से समयबद्ध तरीके से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर योजना का अधिकतम लाभ लेने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शिक्षकों एवं शिक्षाविदों को प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस हेल्थ कार्ड वितरित किए गए।

इस अवसर पर प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार सिंह, नोडल अधिकारी उच्च शिक्षा डॉ. कल्पना, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार, पंजाब नेशनल बैंक के प्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

Leave a Comment