मुख्यमंत्री शिक्षक कैसेलेस चिकित्सा योजना का कासगंज में हुआ शुभारंभ

मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का कासगंज में हुआ भव्य शुभारंभ

  • शिक्षकों को बांटे गए डमी कैशलेस कार्ड
    कासगंज।
    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शिक्षक दिवस (05 सितंबर 2025) के अवसर पर उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान करने की घोषणा की गई थी। इसी क्रम में शासनादेश जारी कर उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों, स्ववित्तपोषित मान्यता प्राप्त महाविद्यालयों तथा राज्य विश्वविद्यालयों में कार्यरत नियमित एवं स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों के शिक्षकों और उनके आश्रित परिवार के सदस्यों को सरकारी के साथ-साथ निजी चिकित्सालयों में भी कैशलेस उपचार की सुविधा अनुमन्य की गई है। इस योजना का क्रियान्वयन स्टेट एजेंसी फार कम्प्रेहेन्सिव हेल्थ एण्ड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (SACHIS) के माध्यम से किया जा रहा है।
    योजना का मुख्य राज्य-स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम रविवार, 26 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के खंदारी कैम्पस में संपन्न हुआ। जनपद कासगंज में श्री गणेश इंटर कॉलेज के सभागार में एक भव्य जिला-स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका सजीव प्रसारण भी दिखाया गया।
    कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मा. सदस्य विधान परिषद (एमएलसी) रजनीकांत माहेश्वरी और विशिष्ट अतिथि मा.विधायक सदर देवेंद्र सिंह राजपूत, सीडीओ वीरेंद्र सिंह एवं डीआईओएस रजनेश कुमार ने माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया।
    इस अवसर पर नोडल अधिकारी ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ एवं प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय कासगंज प्रो. एस.के. रावत ने योजना की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह योजना शिक्षकों के लिए एक मजबूत स्वास्थ्य सुरक्षा कवच साबित होगी।
    शिक्षकों को मिला डमी कैशलेस कार्ड
    कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों के 20 शिक्षकों को मंच से ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ के डमी कैशलेस कार्ड वितरित किए गए। लाभान्वित होने वाले शिक्षकों में श्रीमती शारदा देवी जौहरी नगर पालिका कन्या महाविद्यालय, गंजडुंडवारा पीजी कॉलेज और के.ए. (पी.जी.) कॉलेज कासगंज के शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल रहे।
    एमएलसी रजनीकांत माहेश्वरी और सदर विधायक ने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार शिक्षकों के कल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी शिक्षकों और उनके परिजनों से इस स्वास्थ्य सुरक्षा चक्र का लाभ उठाने का आह्वान किया। साथ ही बताया गया कि यह योजना उच्च शिक्षा विभाग के डेढ़ लाख से अधिक शिक्षकों और उनके साढ़े सात लाख से अधिक परिजनों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करेगी।
    विधायक सदर देवेंद्र सिंह राजपूत ने कहा के सरकार ने शिक्षकों के लिए बहुत कुछ किया है कैशलेस योजना शिक्षकों के लिए वरदान साबित होगी। जिससे शिक्षक शिक्षिकाएं परेशानी के समय अपना इलाज संभव करा सकेंगे। उन्होंने सरकार की उपलब्धियां पर भी प्रकाश डाला।
    कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
    इस अवसर पर अतिथियों द्वारा श्रीमती शारदा देवी जौहरी नगर पालिका कन्या महाविद्यालय एवं के.ए. कॉलेज कासगंज के एनसीसी और एनएसएस कैडेट्स को भी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
    इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री वीरेंद्र सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक श्री रजनेश कुमार, विज्ञान क्लब के जिला समन्वयक डॉ. जयंत गुप्ता, एबीवीपी के श्री ध्रुव सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, अभिभावक और प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे।
    कार्यक्रम का संचालन विज्ञान क्लब के सह समन्वयक अभिषेक पांडे द्वारा किया गया।
    राजकीय महाविद्यालय कासगंज के उप नोडल डॉ. के.जी. वार्ष्णेय, डॉ. महेंद्र कुमार और कैप्टन अभिषेक यादव ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग दिया। अंत में आभार नोडल अधिकारी एवं प्राचार्य प्रो. एस.के. रावत द्वारा व्यक्त किया गया।

Leave a Comment