फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 जून 2026 थाना राजेपुर पुलिस ने नाबालिग से छेड़छाड़, मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना राजेपुर में पंजीकृत मुकदमा संख्या 96/2026 धारा 333/74/109/352/351(2) बीएनएस तथा 7/8 पॉक्सो एक्ट में वांछित अभियुक्त इन्दरपाल पुत्र पूरनलाल निवासी ग्राम सीढ़े चकरपुर, थाना राजेपुर को मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, 20 जून 2026 को वादी ने थाना राजेपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आरोपियों ने उसके घर में घुसकर उसकी नाबालिग पुत्री के साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर वादी के भाई पर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला किया गया तथा गाली-गलौज की गई। तहरीर के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान इसी मामले में एक अन्य आरोपी विन्दरपाल को 22 जून को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है। वहीं, शुक्रवार को पुलिस ने दूसरे वांछित आरोपी इन्दरपाल को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी इन्दरपाल ने पुलिस को बताया कि पुरानी रंजिश के चलते उसका रामखिलावन और उसके भाई से विवाद हुआ था। उसने बताया कि वह अपना पक्ष न्यायालय में अपने अधिवक्ता के माध्यम से रखेगा।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक आशुतोष सिंह, कांस्टेबल वंश कुशवाहा एवं कांस्टेबल निर्भय शामिल रहे।
