फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 जून 2026 भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की जिला इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को जिला कार्यालय नेकपुर चौरासी में आयोजित की गई। बैठक राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत के निर्देश पर बुलाई गई, जिसमें किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए जिला प्रशासन को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि पिछले कई महीनों से किसानों की समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन को कई मांग पत्र सौंपे गए, लेकिन अब तक अधिकांश मामलों का समाधान नहीं हो सका है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 72 घंटे के भीतर किसानों की समस्याओं का निस्तारण नहीं किया गया तो संगठन अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेगा।
बैठक में लिंक एक्सप्रेसवे, अमृतपुर में गंगा नदी से करीब आठ किलोमीटर दूर बनाए जा रहे बांध, चिलसरी निवासी श्रीमती कांति देवी, नवाबगंज निवासी श्रीमती सावित्री देवी सहित अन्य किसानों के मामलों पर चर्चा की गई। इसके अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य के प्रकरण, जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार के कोटे को बिना कारण निलंबित किए जाने तथा कायमगंज एसडीएम द्वारा किसानों के साथ अभद्र व्यवहार के आरोपों पर भी नाराजगी व्यक्त की गई।
किसानों ने लिंक एक्सप्रेसवे के लिए नंदगांव से बिलालपुर तुर्काटा तक प्रभावित मकानों के मुआवजे का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। संगठन का आरोप है कि प्रशासन किसानों के हितों की अनदेखी कर रहा है।
प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य ने कहा कि जिला प्रशासन के अधिकारी किसानों के कार्यों में गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। अब किसान अपने हक और अधिकार के लिए आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर किसानों से संपर्क करने और आंदोलन की रणनीति तैयार करने का आह्वान किया।
बैठक में कानपुर मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्मी शंकर जोशी, जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मिश्रा, जिला प्रवक्ता गोपी शाक्य, जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार, जिला सलाहकार समिति अध्यक्ष विजय सिंह शाक्य, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत, जिला मीडिया प्रभारी मुकेश शर्मा, जिला सचिव पुजारी कटियार, सुशील दीक्षित, कायमगंज तहसील अध्यक्ष कश्मीर सिंह गंगवार, सदर तहसील अध्यक्ष रामप्रकाश पाल, अमृतपुर ब्लॉक अध्यक्ष टिंकू यादव, बढ़पुर ब्लॉक अध्यक्ष शिवराम शाक्य, शमसाबाद ब्लॉक अध्यक्ष सतीश कठेरिया समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
