फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 जून 2026 आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने थाना कमालगंज क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ताजिया मार्गों, प्रमुख चौराहों तथा संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस बल को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश देते हुए कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अफवाह पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
एएसपी ने ताजिया जुलूस के निर्धारित मार्गों का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मोहर्रम पर्व को आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है।
पुलिस प्रशासन द्वारा क्षेत्र में लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है, ताकि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था पूरी तरह कायम रखी जा सके।
