फर्रुखाबाद में गंगा-रामगंगा का जलस्तर बढ़ा, बांधों से छोड़ा गया बंपर पानी; तटीय क्षेत्रों में अलर्ट

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 जुलाई 2026 पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर अब फर्रुखाबाद में भी साफ दिखाई देने लगा है। गंगा और रामगंगा नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नरौरा, हरिद्वार और बिजनौर बांधों से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद प्रशासन ने तटीय क्षेत्रों पर विशेष निगरानी शुरू कर दी है। जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 जुलाई को गंगा नदी का जलस्तर बढ़कर 134.65 मीटर तक पहुंच गया। बांधों से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण आने वाले दिनों में जलस्तर में और वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है।

गंगा में छोड़ा गया पानी

बिजनौर बांध से 61,200 क्यूसेक

हरिद्वार बांध से 60,518 क्यूसेक

नरौरा बांध से 57,677 क्यूसेक

वहीं, रामगंगा नदी में भी जलप्रवाह बढ़ गया है। खो, हरेली और रामनगर बैराज से कुल 43,958 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जिससे रामगंगा का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है।

प्रशासन ने बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया है और तटीय गांवों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। संबंधित विभागों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। नदी किनारे रहने वाले लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से नदी के पास न जाएं और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा और बांधों से पानी छोड़ने का क्रम बना रहा, तो आने वाले दिनों में गंगा और रामगंगा के जलस्तर में और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में बाढ़ संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।

Leave a Comment