फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 जून 2026 आवास विकास कॉलोनी स्थित भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर गुरुवार को आपातकाल दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा तथा अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने लोकतंत्र सेनानियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और आपातकाल से जुड़े विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।
मुख्य वक्ता सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि 25 जून 1975 भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का एक काला अध्याय है। तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने देश में आपातकाल लागू कर प्रेस पर सेंसरशिप लगा दी थी तथा अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी सहित अनेक विपक्षी नेताओं को जेल में डाल दिया गया था। उन्होंने कहा कि सत्ता की लालसा ने लोकतांत्रिक मूल्यों को आघात पहुंचाया और विश्व पटल पर भारत की लोकतांत्रिक छवि को धूमिल किया।
अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने कहा कि आपातकाल के दौरान कांग्रेस सरकार ने लोकतंत्र को कलंकित करने का कार्य किया। सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर स्वच्छ और ईमानदार लोगों को जेल भेजा गया। उन्होंने कहा कि उस समय प्रेस की स्वतंत्रता, न्यायपालिका की निष्पक्षता और नागरिकों के मौलिक अधिकारों का हनन किया गया, जिसे देश की जनता कभी नहीं भूलेगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि आपातकाल के दौरान लोकतंत्र में आस्था रखने वाली हर आवाज को दबाने का प्रयास किया गया। लाखों लोगों को जेलों में बंद किया गया और उन्हें अमानवीय यातनाएं दी गईं। जयप्रकाश नारायण, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, राजनाथ सिंह सहित अनेक विपक्षी नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों और छात्रों को भी जेल में डाला गया था।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित ने किया। इस दौरान लोकतंत्र सेनानी विजय सिंह वर्मा, जगदीश पांडे, सतीश चंद्र कटियार, राधेश्याम राजपूत और कैलाश चंद्र गंगवार को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
इसी अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने जिला आईटी विभाग में रक्षपाल सिंह कुशवाहा को जिला सहसंयोजक नियुक्त किए जाने की घोषणा की। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री गोपाल राठौर, डॉ. बीके गंगवार, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, अनुराग दुबे, रश्मि दुबे, अभिषेक बाथम, संदेश राजपूत, जिला मंत्री श्वेता दुबे, प्रतिभा राजपूत, शिवमोहन सिंह, अभिषेक बाजपेई, मनोज गंगवार, जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, संदीप शाक्य, अनुराग सिंह, हसनैन खान, अजीत पांडे, नीरज अवस्थी, रामकिशोर दीक्षित, संजय सिंह, सुशील राजपूत, रजनीश मिश्रा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी राजपूत सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
