फर्रुखाबाद में बिजली विभाग की अनियमितताओं पर बड़ी कार्रवाई, तीन अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 जून 2026 जनपद में विद्युत विभाग में संविदा एवं आउटसोर्स कर्मचारियों के स्थानांतरण, प्रतिस्थापन और समायोजन में अनियमितताओं के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच में अनियमितताएं पाए जाने के बाद तीन अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई है।

यह निर्णय पर्यटन एवं संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश के मंत्री एवं जनपद फर्रुखाबाद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक के दौरान लिए गए निर्देशों के क्रम में किया गया। बैठक में फर्रुखाबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद द्वारा विद्युत विभाग में नियमित, संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों के स्थानांतरण एवं समायोजन में नियमों के उल्लंघन की शिकायत उठाई गई थी।

शिकायत के परीक्षण के लिए जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया था। जांच समिति द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट एवं उपलब्ध अभिलेखों के परीक्षण में पाया गया कि कर्मचारियों के स्थानांतरण, प्रतिस्थापन और समायोजन की प्रक्रिया निर्धारित मानकों एवं स्थापित प्रक्रियाओं के अनुरूप नहीं अपनाई गई। साथ ही संबंधित अधिकारियों द्वारा पर्याप्त अभिलेखीय साक्ष्य और स्पष्ट विवरण उपलब्ध नहीं कराए गए तथा प्रशासनिक कार्यों में अपेक्षित पारदर्शिता एवं नियमबद्धता का पालन नहीं किया गया।

जांच में अनियमितताएं पाए जाने के बाद जिला प्रशासन ने तत्कालीन अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मंडल फर्रुखाबाद अजय कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड (ग्रामीण) फर्रुखाबाद सुशील कुमार तथा अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड कायमगंज शिव शंकर के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की संस्तुति करते हुए प्रबंध निदेशक, दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड को नियमानुसार कार्रवाई के लिए पत्र प्रेषित कर दिया है।

जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को विद्युत विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Comment