फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 जून 2026 जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में सिटी सर्किल के विभिन्न थानों की संयुक्त बलवा ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान कोतवाली फतेहगढ़, कोतवाली फर्रुखाबाद, थाना कादरी गेट एवं थाना मऊदरवाजा पुलिस बल ने संयुक्त रूप से दंगा नियंत्रण का अभ्यास किया।
बलवा ड्रिल के दौरान पुलिस कर्मियों को दंगा एवं बलवा जैसी परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने, भीड़ नियंत्रण, उपद्रवियों को काबू करने तथा सुरक्षा उपकरणों के समुचित उपयोग के संबंध में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई के लिए आवश्यक रणनीतियों का भी अभ्यास कराया गया।
अभ्यास के दौरान पुलिस बल ने निर्धारित मानकों के अनुरूप विभिन्न ड्रिलों का प्रदर्शन किया और बलवा की स्थिति में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर मौजूद अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों को सतर्कता, अनुशासन और तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। वहीं, बलवा नियंत्रण में प्रयोग होने वाले उपकरणों एवं संसाधनों का निरीक्षण कर उनकी कार्यशीलता भी परखी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के नियमित अभ्यास से पुलिस बल की दक्षता बढ़ती है तथा किसी भी विषम परिस्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकती है।
