फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 जून 2026 जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कम्पिल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चोरी, लूट और डकैती जैसी वारदातों में संलिप्त एक शातिर अपराधी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज श्री यमुना प्रसाद के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना कम्पिल पुलिस गुरुवार रात वाहन चेकिंग एवं वांछित अपराधियों की तलाश में जुटी थी।
इस दौरान ग्राम कटिया चौराहा से अगरतला जाने वाले मार्ग पर आम के बाग के पास एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह मोटरसाइकिल छोड़कर भाग निकला और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रविदास उर्फ करिया पुत्र रामप्रकाश निवासी मोहल्ला शेखाना, कोतवाली कन्नौज, जनपद कन्नौज के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा बिना नंबर की एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि बरामद मोटरसाइकिल चोरी की है। उसने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने पुलिस पर फायरिंग की थी। आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कम्पिल में मु0अ0सं0 102/2026 के तहत धारा 109(1), 317(2) बीएनएस एवं 3/25/27 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रविदास उर्फ करिया के खिलाफ कन्नौज, छिबरामऊ और कानपुर नगर क्षेत्रों में डकैती, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में 17 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।
संयुक्त टीम की कार्रवाई
इस सफलता में थाना कम्पिल पुलिस के साथ फतेहगढ़ की सर्विलांस एवं एसओजी टीम की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। अभियान का नेतृत्व थानाध्यक्ष नितिन चौधरी ने किया। पुलिस अधिकारियों ने इसे अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताया है।
पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
