थलापति विजय की राजनीति में जाने से पहले आखिरी फिल्म मानी जा रही ‘जन नायकन’ साल की शुरुआत में रिलीज होनी थी। लेकिन फिल्म सेंसर बोर्ड में अटक गई, मामला कोर्ट तक गया लेकिन रिलीज नहीं हो सकी। पिछले दिनों फिल्म ऑनलाइन लीक भी हो गई। अब ‘जन नायकन’ की रिलीज को लेकर नई जानकारी सामने आई है, जिसके बाद फैंस ये उम्मीद लगा रहे हैं कि फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
पिंकविला की एक रिपोर्ट के अनुसार, ‘जन नायकन’ अगले महीने 8 मई को दुनिया भर में रिलीज होगी। फिल्म निर्माता जल्द ही इसकी घोषणा करेंगे। इस खबर से फैंस बेहद खुश हैं, क्योंकि वो लंबे समय से इसका इंतजार कर रहे थे।
केवीएन प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित ‘जन नायकन’ को सेंसर बोर्ड से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसी वजह से फिल्म पहले रिलीज नहीं हो सकी। पहले इसे पोंगल 2026 पर रिलीज करने की योजना थी। 100 करोड़ रुपये से अधिक की रिकॉर्ड एडवांस बुकिंग के बावजूद रिलीज रोक दी गई थी।
अब लगता है कि सारी समस्याएं सुलझ गई हैं। रिलीज का रास्ता आखिरकार साफ हो गया है। सीबीएफसी के साथ कानूनी लड़ाई के अलावा, कुछ दिन पहले फिल्म ऑनलाइन लीक हो गई थी। इससे बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर असर पड़ सकता है। फिर भी, विजय की स्टार पावर बहुत बड़ी है। इसलिए देखना है कि विजय की स्टार पावर दर्शकों को अपनी ओर खींच पाएगी या नहीं।एच. विनोथ द्वारा निर्देशित ‘जन नायकन’ में थलापति विजय एक पूर्व पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं। विजय के अलावा फिल्म में पूजा हेगड़े मुख्य अभिनेत्री के रूप में, बॉबी देओल खलनायक की भूमिका में नजर आएंगे। इसके अलावा फिल्म में प्रकाश राज, गौतम वासुदेव मेनन, मामिता बैजू और अन्य कलाकार भी अहम किरदारों में हैं।
