ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ वनडे और मल्टी-डे सीरीज के लिए भारतीय अंडर-19 स्क्वॉड में चुने गए रोहित यादव को लेकर गुरुवार को खबर आई थी कि बीसीसीआई ने उनके ऊपर 2 साल का प्रतिबंध लगा दिया है. दरअसल उनपर उम्र गलत बताने का आरोप है. अब इससे जुड़ी एक और बड़ी खबर आई है. सिर्फ रोहित नहीं, बल्कि क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल ने उम्र से जुड़ी गड़बड़ी के कारण 62 खिलाड़ियों पर कार्यवाई की है. इसमें अंडर-19 वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य भी हैं.
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले रोहित यादव श्रीलंका दौरे पर गई भारत की अंडर-19 टीम शामिल थे, उन्होंने वहां 6 विकेट लिए थे. इसी महीने भारत की अंडर-19 टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 मैचों की वनडे और 2 मल्टी-डे मैचों की सीरीज खेलेगी, दोनों के स्क्वॉड में रोहित को शामिल किया गया था. रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई ने उन पर 2 साल का बैन लगा दिया है.
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल ने 62 खिलाड़ियों को दस्तावेजों और उम्र से जुड़ी गड़बड़ियों के कारण 2026-27 और 2027-28 सीजन के दौरान किसी भी टूर्नामेंट के लिए रजिस्ट्रेशन या ट्रांसफर के लिए अयोग्य घोषित किया है.
अयोग्य घोषित किए गए खिलाड़ियों में भारत की 2022 अंडर-19 वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य रहे रवि कुमार और बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर विशाल भट्टी भी हैं. रवि की उम्र में 45 महीने की गड़बड़ी पाई गई है. कई खिलाड़ियों की उम्र में तो कई सालों का अंतर है. रोहित यादव की बात करें तो उनके 3 अलग-अलग जन्म प्रमाण पत्र की बात सामने आई है. रिपोर्ट के अनुसार उनके आधार में भी कई गड़बड़ियां थी. जब उन्होंने क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल में रजिस्ट्रेशन करवाया था, तब उनका जन्म साल 2007 था. 2017 और 2020 में उनके आधार अपडेट में जन्म का साल 2006 किया गया, फिर 2019 में ये 2009 किया गया.
