फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 जुलाई 2026 कोतवाली कायमगंज पुलिस ने छह लोगों की हत्या के बहुचर्चित मामले में लगभग 28 वर्षों से फरार चल रहे एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी लंबे समय से अपनी पहचान छिपाकर नाम बदलकर नोएडा में निजी नौकरी कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 1991 में कोतवाली कायमगंज में मु0अ0सं0 293/1991 धारा 302/34 भादवि के तहत श्रीकृष्ण मास्टर सहित अन्य के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में अन्य सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा चुका था, जबकि वांछित अभियुक्त किशोरीलाल पुत्र नन्हेलाल जाटव, निवासी ग्राम लखनपुर, कोतवाली कायमगंज, न्यायालय में आत्मसमर्पण के बाद से ही फरार चल रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया कि किशोरीलाल ने अपनी पहचान बदलकर दीपक पुत्र नन्दराम, निवासी गगनपुरी, निधौली कलां, जनपद एटा के नाम से नोएडा में रहकर निजी कंपनी में नौकरी शुरू कर दी थी। मुखबिर की सूचना पर कोतवाली कायमगंज पुलिस ने 29 जुलाई 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह गिरफ्तारी अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ के निर्देशन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज श्री यमुना प्रसाद के पर्यवेक्षण में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
अभियुक्त का आपराधिक इतिहास
मु0अ0सं0 293/1991, धारा 302/34 भादवि, कोतवाली कायमगंज, जनपद फर्रुखाबाद
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ल, उपनिरीक्षक अंकुर भाटी, कांस्टेबल विजय गुर्जर, कांस्टेबल सचिन कुमार
