फर्रुखाबाद: कमालगंज पुलिस ने हत्या के मामले में 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 जुलाई 2026 थाना कमालगंज पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लकड़ी का डंडा भी बरामद किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ के निर्देशन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज श्री यमुना प्रसाद के पर्यवेक्षण में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कैलाश चन्द्र शर्मा पुत्र खान सहाय निवासी ग्राम सवासी तथा नीलेन्द्र उर्फ नीलू पुत्र धीरेन्द्र उर्फ नारद निवासी धीरजपुर, थाना कमालगंज, जनपद फतेहगढ़ के रूप में हुई है।

जमीन विवाद बना हत्या की वजह

पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को वादी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि बेची गई जमीन को लेकर विवाद के चलते आरोपियों ने वादी के पिता हरनाम सिंह की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को छिपाने की नीयत से धीरजपुर और सवासी गांव के बीच खेतों में फेंक दिया गया।

पूछताछ में किया जुर्म कबूल

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि करीब चार से पांच वर्ष पहले कैलाश चन्द्र शर्मा ने अपनी छह बिस्वा जमीन हरनाम सिंह को कम कीमत पर बेच दी थी। समय के साथ जमीन की कीमत बढ़ने पर उसने जमीन वापस मांगी और रुपये लौटाने की बात कही, लेकिन हरनाम सिंह तैयार नहीं हुए।

इसी बीच लगभग 10–15 दिन पहले नीलेन्द्र का भी हरनाम सिंह से विवाद हो गया। दोनों ने मिलकर हरनाम सिंह के साथ डंडों से मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद शव को उठाकर गांव के रास्ते पर छोड़ दिया।

बरामदगी और कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी कैलाश चन्द्र शर्मा की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लकड़ी का डंडा बरामद किया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राम सहाय सिंह, हेड कांस्टेबल ब्रजेश कुमार, कांस्टेबल तेजवीर सिंह, कांस्टेबल रिंकू चाहर तथा कांस्टेबल योगेन्द्र सिंह शामिल रहे।

Leave a Comment