आंवला। आंवला में प्रसव के बाद एक गाय की मौत को लेकर हुए हंगामे के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई शिकायत के आधार पर की गई है, जिसमें नगर पालिका चेयरमैन सय्यद आबिद अली और एक अज्ञात व्यक्ति को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह घटना आंवला नगर के मोहल्ला कच्चा कटरा में बीते बुधवार को हुई थी। प्रसव के बाद गाय की मौत हो जाने पर स्थानीय लोगों ने काफी देर तक हंगामा किया। इस दौरान नगर पालिका की गौ रक्षक टीम को गाय की मौत का जिम्मेदार ठहराया गया था। ग्राम आसपुर के महंत गणेश गिरी ने पुलिस को तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि मोहल्ला कच्चा कटरा बाग बक्शी में एक गाय लंबे समय से विचरण कर रही थी और तीन बार बच्चों को जन्म दे चुकी थी। मोहल्ले के लोग उसकी देखभाल करते थे। गाय के बियाने की जानकारी मिलने पर नगर पालिका की टीम उसे ट्रॉली में डालने लगी।
महंत के अनुसार, जब मोहल्ले वालों ने इसका विरोध किया, तो टीम ने खुद को गौ रक्षक बताया और कहा कि उन्हें नगर पालिका परिषद के चेयरमैन ने भेजा है। आरोप है कि टीम ने गाय के हाथ-पैर जोड़कर और गले में रस्सी बांधकर उसे ट्रॉली में डालने का प्रयास किया, जिससे मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। इसे एक गंभीर अपराध बताया गया है। महंत गणेश गिरी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने नगर पालिका के चेयरमैन सय्यद आबिद अली और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बरेली/आंवला में गाय की मौत पर हंगामा, चेयरमैन और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज, जांच जारी।
