फर्रुखाबाद : वृक्षारोपण एवं गंगा नदी में जल प्रदूषण की स्थिति की जिलाधिकारी ने की समीक्षा

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 अगस्त 2026 जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में वन विभाग के सौजन्य से “वृक्षारोपण एवं गंगा नदी में जल प्रदूषण की स्थिति” की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में आयोजित की गई।

      बैठक में जनपद के विभिन्न विभागों द्वारा किए गए वृक्षारोपण कार्यों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान सभी विभागों की वृक्षारोपण संबंधी रिपोर्ट संतोषजनक पाई गई। हालांकि राजस्व विभाग की रिपोर्ट अभी प्राप्त होना शेष है। जिलाधिकारी ने शेष रिपोर्ट को शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

      बैठक में गंगा नदी में नालों के माध्यम से जाने वाले जल की शोधन व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों द्वारा बताया गया कि नालों पर एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) स्थापित हैं तथा गंगा नदी में अशोधित एवं अशुद्ध जल प्रवाहित नहीं किया जा रहा है। फर्रुखाबाद के भैरो घाट पर 30 एमएलडी क्षमता का एसटीपी प्लांट स्थापित है, जो वर्तमान में भली-भांति कार्य कर रहा है। जिलाधिकारी ने शोधन व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा उसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

     उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु के बाद जल शोधन की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए जल के साथ आवश्यक प्रयोग एवं परीक्षण किए जाएंगे, ताकि गंगा नदी में स्वच्छ एवं शोधित जल ही प्रवाहित हो और जल की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जा सके।

     समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका विनोद कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Comment