फर्रुखाबाद में व्यापारी संवाद कार्यक्रम आयोजित, जीएसटी जागरूकता और समस्याओं के समाधान पर हुआ मंथन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 जुलाई 2026 राज्य कर विभाग, फतेहगढ़ द्वारा शनिवार को उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं का समाधान, जीएसटी के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नए व्यापारियों के जीएसटी पंजीकरण को प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यालयाध्यक्ष विपिन कुमार नाग ने कहा कि राज्य कर विभाग की प्राथमिकता केवल राजस्व संग्रह तक सीमित नहीं है, बल्कि जीएसटी करदाताओं को विधिक प्रावधानों की जानकारी देना और उनके समक्ष आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का समाधान करना भी विभाग की जिम्मेदारी है। उन्होंने व्यापारियों से विभाग के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कर व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सरल बनाने का आह्वान किया।

बैठक में जीएसटी 2.0 के अंतर्गत किए गए महत्वपूर्ण सुधारों, कर पंजीकरण के विस्तार तथा व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही व्यापारियों को नई व्यवस्थाओं और विभागीय सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान मा. उच्च न्यायालय, इलाहाबाद के आदेशों तथा पर्यावरण विभाग के शासनादेशों के अनुपालन में सिंथेटिक मांझा, सीसा लेपित डोरी, नायलॉन पतंग डोरी एवं चाइनीज मांझा के निर्माण, भंडारण, बिक्री और उपयोग पर लागू प्रतिबंध को प्रभावी ढंग से लागू कराने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने व्यापारियों से प्रतिबंधित मांझे की बिक्री न करने और पर्यावरण व जनसुरक्षा के प्रति सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम में जिले के व्यापारी, व्यापार मंडलों के प्रतिनिधि, उद्योग संगठनों, अधिवक्ता संघ, चार्टर्ड अकाउंटेंट संगठन सहित विभिन्न हितधारकों ने भाग लिया और अपनी समस्याएं एवं सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे।

इस अवसर पर विभाग की ओर से उपायुक्त हिम्मत सिंह, एच.के. गौतम, अमित त्यागी, सहायक आयुक्त शरद प्रताप सिंह, मनोज कुमार मिश्रा, आलोक कुमार राय सहित राज्य कर विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment