फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 जुलाई 2026 थाना जहानगंज क्षेत्र के गांव रुनीचुरसाई निवासी एक महिला की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, गांव रुनीचुरसाई निवासी महेशचंद्र राजपूत की पत्नी माया (लगभग 50 वर्ष) अपनी बीमार बेटी को देखने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान अलीगंज रोड पर स्थित खरसुलिया गांव के पास उनका सड़क हादसा हो गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलने पर नयागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
महिला का पोस्टमार्टम एटा में कराया गया। घटना की सूचना उनके पति महेशचंद्र राजपूत, जो पंजाब में मेहनत-मजदूरी करते हैं, को परिजनों द्वारा दी गई। सूचना मिलते ही वह अपने घर के लिए रवाना हो गए हैं।
बताया गया कि मृतका अपने पीछे तीन बेटियां और दो बेटे छोड़ गई हैं। तीनों बेटियों का विवाह हो चुका है। मां की असमय मौत से बेटे-बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सदस्यों के विलाप को देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
