फर्रुखाबाद कलेक्ट्रेट का औचक निरीक्षण: लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 फरवरी 2026 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में साफ-सफाई की स्थिति, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण तथा विभिन्न पटलों पर संचालित कार्यों की गहन समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने प्रत्येक पटल पर लंबित प्रकरणों की जानकारी प्राप्त कर अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्यों में पारदर्शिता व जवाबदेही बनाए रखना आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान राजस्व, आपदा प्रबंधन, खनन, आबकारी, खाद्य सुरक्षा, सूचना, अभिलेखागार (आंग्ल), अपर जिलाधिकारी कार्यालय, नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय, उपजिलाधिकारी कार्यालय सहित अन्य शाखाओं में संचालित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने रिकॉर्ड प्रबंधन प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश भी दिए, ताकि आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता और ट्रैकिंग में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्यालयीन कार्यों में अनुशासन, स्वच्छता और सुव्यवस्था प्रशासन की कार्यकुशलता का प्रतिबिंब है। सभी शाखाएं समन्वय के साथ कार्य करें और जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता पर निपटाएं।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment