फर्रुखाबाद में होमगार्ड भर्ती की तैयारियां तेज, डीवी व पीएसटी प्रक्रिया को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक ने की समीक्षा बैठक

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 जुलाई 2026 होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत अभिलेख सत्यापन (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) एवं शारीरिक मानक/दक्षता परीक्षण (PST) को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस लाइन सभागार, फतेहगढ़ में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने की। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ डीवी एवं पीएसटी की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अपर पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके दायित्वों के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि पूरी भर्ती प्रक्रिया शासन की मंशा एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ संपन्न कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अभ्यर्थियों के अभिलेखों के सत्यापन से लेकर शारीरिक परीक्षण तक प्रत्येक चरण में पूरी सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही की गुंजाइश न रहे।

बैठक में भर्ती प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधा, दस्तावेजों की जांच, शारीरिक परीक्षण की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी व्यवस्थाएं पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार सुनिश्चित की जाएं, ताकि भर्ती प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Leave a Comment