फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 जुलाई 2026 उत्तर प्रदेश सरकार के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान एवं वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने रिजर्व पुलिस लाइंस फतेहगढ़ में पुलिस अधिकारियों के साथ वृहद स्तर पर पौधरोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और स्वच्छ भविष्य के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण देने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पौधों की नियमित देखभाल करने और आमजन को भी वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
अभियान के तहत फतेहगढ़ पुलिस द्वारा रिजर्व पुलिस लाइंस के साथ-साथ जनपद के सभी पुलिस कार्यालयों एवं थानों में भी व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया जा रहा है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक हरित क्षेत्र विकसित करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है।
पुलिस विभाग ने आम नागरिकों से भी इस अभियान में सहभागिता निभाने और अधिक से अधिक पौधे लगाकर उन्हें संरक्षित करने की अपील की, ताकि स्वच्छ, हरित और स्वस्थ पर्यावरण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।
