फर्रुखाबाद में उत्तर प्रदेश दिवस पर ब्लैकआउट मॉक ड्रिल की तैयारी, जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 जनवरी 2026 उत्तर प्रदेश दिवस–2026 के अवसर पर तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती (23 जनवरी 2026) के उपलक्ष्य में नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा जनपद फर्रुखाबाद में आयोजित की जाने वाली ब्लैकआउट मॉक ड्रिल को लेकर तैयारियों के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने की।

बैठक में नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा मॉक ड्रिल की रूपरेखा प्रस्तुत की गई और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। अधिकारियों को अवगत कराया गया कि आपात स्थिति में सायरन बजने पर नागरिकों को सतर्क हो जाना चाहिए। सायरन की आवाज़ को आपातकाल का संकेत माना जाएगा, जबकि लगातार दो मिनट तक सायरन बजने का अर्थ आपात स्थिति की समाप्ति होगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि आपात स्थिति के दौरान आमजन को सुरक्षित स्थानों पर जाना चाहिए। कलेक्ट्रेट, पुलिस लाइन अथवा खुले स्थान सुरक्षित स्थान हो सकते हैं। इसी क्रम में यह भी बताया गया कि पुलिस लाइन में मॉक ड्रिल का आयोजन अपराह्न 3:00 बजे किया जाएगा।

हवाई हमले जैसी आपात परिस्थितियों की स्थिति में सायरन बजते ही समस्त रोशनी बंद कर दी जाएगी तथा महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और भवनों पर ब्लैकआउट अनिवार्य होगा। आग लगने की स्थिति में रेत, फोम, पानी, कंबल एवं कार्बन डाइऑक्साइड गैस के प्रयोग से आग बुझाने का अभ्यास कराया जाएगा।

मॉक ड्रिल के दौरान आपात स्थिति में फंसे घायल व्यक्तियों को सुरक्षित निकालकर एंबुलेंस से उपचार हेतु भेजने, साथ ही सीपीआर (CPR) देने का अभ्यास भी कराया जाएगा। इस कार्य में एनसीसी कैडेट्स की विशेष भूमिका रहेगी, क्योंकि वे ऐसे प्रशिक्षण में दक्ष होते हैं। इसके अतिरिक्त टॉर्च आदि आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में समस्त संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे और मॉक ड्रिल को सफल बनाने हेतु आपसी समन्वय से कार्य करने पर बल दिया गया।