जिलाधिकारी/जिला उपसंचालक चकबंदी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को एनआईसी सभागार में चकबंदी विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी।बैठक में अवगत कराया गया कि वित्तीय वर्ष के आरम्भ में कुल 53 ग्राम चकबंदी प्रक्रियाधीन थे, जिसमें 5 ग्रामों में धारा -52 का प्रस्ताव संदर्भित किया गया है। बन्दोबस्त अधिकारी चकबंदी द्वारा बताया गया कि 31 मार्च तक 4 अन्य ग्रामों का भी धारा 52 प्रस्ताव प्रेषित कर दिया जायेगा। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि 30 साल से पुराने लम्बित ग्रामों की चकबन्दी प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाये, तथा जिन ग्रामों में जनविरोध की स्थिति से कार्य आगे नहीं बढ़ रहा है, वहां बैठक कर धारा-6 का प्रस्ताव भेजा जाये। फसल खाली होने के पश्चात ससमय कब्जा परिवर्तन की कार्यवाही की जाये। चकबन्दी अधिकारी हंडिया क्षेत्र में ग्राम रसूलपुर मवैया, बढ़ौली एवं जमशेदपुर उर्फ लालापुर की चकबन्दी सन् 1996 से लम्बित होने पर असंतोष प्रकट करते हुए जिलाधिकारी ने चकबंदी प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने सभी चकबन्दी कार्यालयों में पीठासीन अधिकारियों को प्रत्येक दिन न्यायिक कार्य करने तथा 5 वर्ष से पुराने मुकदमे को गुण-दोष पर सुनकर शीघ्र निस्तारण हेतु निर्देशित किया है। उन्होंने 5 वर्ष अथवा उससे अधिक समय से लंबित सभी प्रकरणों को प्राथमिकता पर नियमित सुनवाई कर निस्तारित करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने आईजीआरएस के मामलों को समयान्तर्गत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किये जाने के लिए निर्देशित किया है। लक्ष्य प्राप्ति न करने वाले कर्मचारियों व अधिकारियों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की चेतावनी दी है। इस अवसर पर उपसंचालक चकबंदी विजय शर्मा, एस0ओ0सी संजीव कुमार तथा चकबंदी अधिकारी एवं सहायक चकबंदी अधिकारी उपस्थित रहे।
द दस्तक 24
प्रभारी पत्रकार तहसील कोरांव प्रयागराज उमाशंकर कुशवाहा 7571974858
