बिहार में दवाओं की अवैध बिक्री और अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए औषधि नियंत्रण विभाग ने राज्यभर में 34 स्थानों पर छापेमारी और जांच की। इस दौरान 17 से अधिक स्थानों पर अनियमितताएं सामने आईं। बिना लाइसेंस संचालित एक दवा दुकान में दवाओं को सील कर दुकानदार के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई शुरू की गई है।
पटना के जीएम रोड स्थित सागर मेडिको, मुरली फार्मा और पॉपुलर दवा प्रतिष्ठानों में विशेष जांच की गई। यहां कुछ दवाओं की प्रामाणिकता पर संदेह मिलने के बाद नमूने और दवाएं संबंधित निर्माता कंपनियों को सत्यापन के लिए भेजी गई हैं। मुरली फार्मा में दवाओं की खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड और अनिवार्य रजिस्टर में भी अनियमितताएं पाई गईं।
वहीं, भोजपुर के पीरो स्थित रंजन मेडिकल एजेंसी में नारकोटिक श्रेणी की दवा मिलने पर जांच की जा रही है। छपरा में भी संदिग्ध दवाओं के निर्माण, संरचना और लेबलिंग का सत्यापन कराया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य के विभिन्न जिलों में विशेष छापेमारी और औचक निरीक्षण का अभियान आगे भी जारी रहेगा।