–हमजापुर में एनएच-19 पर पीछे से टेलर की टक्कर से कंटेनर में घुसी कार, दो भारी वाहनों के बीच फंसा अगला हिस्सा; चार अन्य घायल, टेलर चालक फरार
: आसनसोल में छोटे बेटे की मन्नत पूरी कराकर खुशी-खुशी घर लौट रहा एक परिवार शुक्रवार की शाम एनएच-19 पर भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। आमस थाना क्षेत्र के हमजापुर के समीप पीछे से तेज रफ्तार टेलर की टक्कर लगने से कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे कंटेनर ट्रक में जा घुसी। दो भारी वाहनों के बीच फंसी कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। हादसे में छह माह का मासूम रुद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे गया रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं, परिवार के चार अन्य सदस्य घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बक्सर जिले के निवासी संदीप प्रताप सिंह (40) अपनी पत्नी प्रिया सिंह (36), बेटी नीतिमा कुमारी (13), रिद्धि कुमारी (6) और छह माह के बेटे रुद्र सिंह के साथ आसनसोल गए थे। छोटे बेटे की मन्नत पूरी करने के बाद पूरा परिवार कार से बक्सर लौट रहा था। इसी दौरान शुक्रवार की शाम करीब आठ बजे हमजापुर के समीप पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टेलर ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। इससे चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार आगे चल रहे कंटेनर के पिछले हिस्से में जा घुसी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन कंटेनर के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे सभी पांचों लोगों को बाहर निकाला और इलाज के लिए शेरघाटी अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। मासूम रुद्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए गया स्थित मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, गया ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। जिस बेटे की मन्नत पूरी कर परिवार घर लौट रहा था, उसी की मौत की खबर ने परिजनों की खुशियों को मातम में बदल दिया। अस्पताल में मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
नीतिमा के सीने में चोट, रिद्धि की जांघ की हड्डी टूटी
हादसे में घायल नीतिमा कुमारी के सीने में गंभीर चोट आई है। चिकित्सकों ने सीने की हड्डी टूटने की आशंका जताई है। वहीं, छह वर्षीय रिद्धि कुमारी के दाएं पैर की जांघ की हड्डी टूट गई है। इसके अलावा संदीप प्रताप सिंह और प्रिया सिंह को भी चोटें आई हैं। सभी का शेरघाटी अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया।
टक्कर मारकर फरार हुआ टेलर चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार आगे चल रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे टेलर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद टेलर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया, जबकि कंटेनर भी घटनास्थल से आगे निकल गया। सूचना मिलने पर आमस थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस फरार टेलर चालक और वाहन की पहचान करने में जुटी है।